हंसी-खुशी रक्षाबंधन मना कर लौट रहा था परिवार, एक झटके में सब कुछ हो गया खत्म, दो वाहनों की टक्कर में 3 की मौत, दो घायल

punjabkesari.in Friday, Aug 12, 2022 - 07:49 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के बरौधा गांव के पास शुक्रवार को दोपहिया वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये।        

पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन मना कर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया जब मोटरसाइकिल एक मोपेड से टकरा गयी। दोपहर लगभग एक बजे हुयी इस घटना में एक युवक और दो किशोर सहित तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवती और उसका तीन साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को इलाज के लिए मिर्जापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बतायी है।       

पुलिस के अनुसार मोपेड पर चार लोग सवार थे। वे सभी रक्षाबंधन मना कर लौट रहे थे। इनमें मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गुड़ थाना क्षेत्र निवासी गिरजा शंकर पटेल का पुत्र शिवकरन पटेल (21 साल) अपनी मोटरसाइकिल से राखी बंधा कर लौट रहा था। तभी उसकी टक्कर एक मोपेड से हो गयी। जिसे प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के निवहिया गांव निवासी त्रिवेणी कोरी का पुत्र रतन कोरी (19 साल) चला रहा था। मोपेड पर लालगंज थाना क्षेत्र की निवासी ममता देवी (30 साल) पत्नी विवेक कोरी व उसके दो पुत्र रवि (10 साल) और दिव्य (03 साल) के साथ बैठी थी।       

मोटरसाइकिल और मोपेड की टक्कर होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी को लालगंज सामुदायिक केंद्र पर इलाज के लिए भेजा। जहां इलाज के दौरान शिव करण पटेल, रतन कोरी और रवि की मौत हो गई। जबकि ममता देवी और दिव्य को गंभीर हालत में इलाज के लिए मिर्जापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Content Writer

Mamta Yadav