शरीर व हाथ-पैर का मांस नोचा, जमकर की पिटाई...फिर गला दबाकर विवाहिता को उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Friday, May 30, 2025 - 04:05 PM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर संदिग्ध हालातों में एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मर्डर की पुष्टि हुई है।
ससुराल वाले करते थे दहेज की मांग
जानकारी के अनुसार, यह मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महरोली का है। यहां पर एक विवाहिता की हत्या कर दी गई है। विवाहिता के पिता बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बिछुरईया निवासी वीरपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी निर्मला की शादी दो साल पहले मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महरोली निवासी प्रेम सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले उसे तंग करने लगे और दहेज की मांग करने लगे। पति व ससुराल वाले उससे दो लाख रुपये की मांग करते थे।
ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित
मृतका के पिता ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी के ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। उसे शारीरिक व मानसिक प्रताड़ित किया जाता था। पिता ने कहा कि गुरुवार को वो बेटी को शादी का कार्ड देने उसके ससुराल गए, लेकिन वह दिखाई नहीं दी। परिवारवालों से पूछा कि निर्मला कहां तो वह लोग बहानेबाजी करने लगे। शक होने पर मायकेवाले कमरे के अंदर जाकर देखा तो दंग रह गए। कमरे के अंदर निर्मला का शव पड़ा था। उन्होंने सूचना देकर अन्य परिजनों को भी बुला लिया। बेटी के शरीर पर चोट और मांस नोचने के निशान थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई सच्चाई
मृतका के पिता ने बेटी की हत्या होने की आशंका जताई और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया तो खुलासा हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति प्रेम सिंह, ससुर, सास, चचिया ससुर व जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आगे की कार्रवाई की जा रही है।