अखिलेश के करीबियों पर छापे से भड़के राजभर, कहा- विपक्ष को ED से डराने का हो रहा खेल

punjabkesari.in Saturday, Dec 18, 2021 - 05:13 PM (IST)

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं के घर आयकर विभाग के छापे को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर योगी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हार का अंतर जितना बड़ा होगा उतना ही आयकर विभाग, सीबीआई, ईडी, सब अपने काम पर तेजी से लगेंगे। उन्होंने कहा कि यह विपक्षियों को डराने का खेल करेंगे। जनता ने सपा- सुभासपा गठबंधन को जतना समर्थन देने का मन बना लिया है। 2022 में भाजपा के दमनकारी शासन का जनता सफाया कर देगी।
 
बता दें कि आज आयकर विभाग ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजीव राय के आवास पर छापा मारा है। इस दौरान आयकर विभाग ने काफी देर तक उन से पूछताछ की। इसे लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि  भाजपा के पास इनकम टैक्स के अलावा कोई नया रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के पास आय से अधिक संपत्ति थी तो आयकर विभाग को 2 महीने पहले ही छापा मारना था। परंतु इस छापेमारी से लगता है कि आईटी टीम वाले भी चुनाव लड़ रहे हैं।

Content Writer

Ramkesh