हैवानियत: छेड़छाड़ का विरोध करने पर लड़की के पिता को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 03:09 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के शहर मेरठ में लगातार लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ता ही जा रहा है। शहर के लिसाड़ी गांव में एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां देर रात बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पिता पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारों को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

इससे पहले एक छात्रा को घर में घुसकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया था। दरअसल छेड़छाड़ का विरोध करने पर सरधना कस्बे में शुक्रवार सुबह मनचलों ने घर में घुसकर कक्षा 10वीं की छात्रा और उसके परिजनों पर हमला बोल दिया। उसके बाद आरोपियों ने छात्रा पर केरोसिन डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान छात्रा 60 फीसदी झुलस गई और तुरंत उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पीड़ित लड़की के माता पिता और उसके परिजनों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए अस्पताल की दीवार पर पोस्टर लगा दिए हैं। इन पोस्टरों में पीएम नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मेरठ प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई गई है। फिलहाल परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया है।

छात्रा के दादा ने तहरीर दी थी जिसके बाद पुलिस ने राजवंश बागड़ी, देवेंद्र बागड़ी, रोहित सैनी, गजराज सैनी, अमन, दीपक के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सरधना थाने के इंस्पेक्टर दिलीप सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, जल्द ही आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Anil Kapoor