नशे में झूम रहा था दूल्हा, स्टेज से उतरकर दुल्हन ने कहा-''बनाया गया शादी के लिए दबाव तो कर लूंगी खुदकुशी''

punjabkesari.in Saturday, Feb 29, 2020 - 01:11 PM (IST)

मैनपुरीः शादी...जिंदगी का वह हसीन पल होता है जिसके लिए दूल्हा और दुल्हन न जाने कब से इंतजार करते हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां दुल्हन ने ठीक शादी वाले दिन दूल्हा पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद वह स्टेज से नीचे उतर आई।

दुल्हन ने कहा..उसके कदम लड़खड़ा रहे हैं
बता दें कि मामला किशनी थाना क्षेत्र के ऊमराहार कुमहौल का है। जहां जयप्रकाश की बेटी रीता यादव की शादी थी। वहां नगला किंदर निवासी बॉबी यादव धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा था। घरातियों ने बरातियों का जोरदार स्वागत किया सभी खुश थे। द्वारपूजा के बाद वरमाला के लिए दूल्हा व दुल्हन स्टेज पर पहुंचे। लेकिन अचानक दुल्हन स्टेज से उतरकर नीचे आ गई। यह देख लोगों ने जब उससे इसका कारण पूछा तो उसने शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि वह बार-बार अपनी गर्दन इधर-उधर घुमा रहा है। उसके कदम लड़खड़ा रहे हैं।

दुल्हन ने दी खुदकुशी की धमकी 
जब यह बात दूल्हे के परिजनों को पता चली तो उन्होंने शादी के लिए दबाव बनाया। वहीं दुल्हन के परिजन बदनामी की बात कहते हुए शादी के लिए राजी करने लगे लेकिन रीता ने कहा- यदि उस पर शादी के लिए दबाव बनाया गया तो वह खुदकुशी कर लेगी। परिजनों ने भी बेटी की भावनाओं की क्रद करते हुए शादी से मना कर दिया। दूल्हा व बाराती वधूपक्ष के घर पर डटे रहे लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार बारात लौट गई।

दूल्हे के पिता ने कही नशा न करने की बात
वहीं दूल्हे के पिता कुसुमपाल ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने दूल्हे बॉबी के द्वारा किसी प्रकार का नशा न करने की बात कही। उल्टे दुल्हन पक्ष पर चढ़ावे में ज्यादा सोने की मांग करने का आरोप लगाया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो लड़की भी अपनी बात पर अड़ी रही। पुलिस मामले को निपटाने के प्रयास में लगी थी। अंत में दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात वापस लेकर लौटना पड़ा।

 

 

Ajay kumar