BJP का शासनकाल अंत्योदय से राष्ट्रोदय की यात्रा, राष्ट्रपति पद पर मुर्मू का आसीन होना इसका प्रतीक: CM योगी

punjabkesari.in Thursday, Aug 18, 2022 - 08:43 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को गोरखपुर में कहा कि भाजपा का शासनकाल समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति की सत्ता के सिंहासन तक पहुंचने सुफल यात्रा है और यह अंत्योदय से राष्ट्रोदय की यात्रा है।

मुख्यमंत्री ने आज शाम भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा ‘‘ सामान्य जनजातीय परिवार की बहन द्रोपदी मुर्मू का राष्ट्रपति पद पर आसीन होना इसी अंत्योदय से राष्ट्रोदय का प्रतीक है। आजादी के अमृत महोत्सव में देश के हिस्से आई इस उपलब्धि से पूरा देश उत्साहित है।'' उन्होंने कहा कि इससे हर तबका अभिभूत है। यह सब सम्भव हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व से जिनका सबका साथ, सबका, विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का विजन आज समाज के हर तबके में नजर आता है।

योगी ने कहा ‘‘ स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर के हम सभी साक्षी बन रहे हैं। यह क्षण गौरवपूर्ण है और महत्वपूर्ण भी। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनसंघ के संस्थापकों ने जो सपना देखा था और जो संकल्प लिया था वह हमारे लिए मंत्र है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाने की जो परिकल्पना की थी, आज वह परिकल्पना साकार रूप में देश दुनिया के सामने है।''

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति समाज से जुड़ी बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने का अवसर मिलना पार्टी के महापुरुषों के सपनों को साकार करने जैसा है। यह भारतीय मूल्यों व भारतीय आदर्शों का बेहतरीन सम्मान है। भारतीय जनता पार्टी का एक.एक अभियान .एक भारत श्रेष्ठ भारत. की परिकल्पना को साकार करने वाला है।

Content Writer

Mamta Yadav