मेरठ में किशोर का अधजला शव बरामद, नोच रहे थे कुत्ते... तीसरी आंख ने खोला हत्या का राज

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2021 - 06:19 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में शुक्रवार देर रात एक किशोर की कथित तौर पर ईंट से वार करके हत्या कर दी गई और पहचान को छुपाने के लिए उसके शव को जला दिया गया। वहीं पुलिस ने किशोर की हत्या के आरोप में दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटना में शामिल दो किशोरों को गिरफ्तार करके कुछ ही घंटे में इस मामले के खुलासे का दावा किया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान थाना लिसाड़ी गेट निवासी अशरफ (16) के तौर पर हुई है।

पुलिस अधीक्षक (सिटी) डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के वेदवाड़ा में एक खाली प्लाट में आज सुबह आसपास के दुकानदारों ने एक शव देखा। जिसे कुत्ते नोच रहे थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास खून लगी ईंट पड़ी मिली। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पहले ईंट से वार करके किशोर की हत्या की और फिर शव को जला दिया।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया परंतु उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। सिंह के अनुसार कोतवाली पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो इनमें दो किशोर संदिग्ध स्थिति में दिखे। उन्होंने बताया कि इन किशोरों की मुखबिरों द्वारा पहचान कराई गई जिसके बाद दोनों किशोरों (क्रमश: 14 वर्ष और 16 वर्ष) को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया।

सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उन्हें जेल भेजा जा रहा है। एसपी सिटी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि तीनों नशा करते थे। सिंह के अनुसार आरोपियों ने बताया कि देर रात उनका अशरफ (16) के साथ झगड़ा हुआ जिसके बाद वे उसे खाली प्लॉट में लेकर गये और वहां उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के लिए शव जला दिया।

Content Writer

Umakant yadav