मामूली विवाद पर बच्चे की निर्मम हत्या, शव को किया टुकड़े-टुकड़े

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2017 - 05:18 PM (IST)

पीलीभीतः आए दिन बच्चों के साथ होने वाली कुरीतियों और शोषण के मामले सामने आते रहे है। लेकिन पीलीभीत में एक युवक द्वारा एक बच्चे को दी गई खौफनाक मौत ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया। पीलीभीत के अमरिया तहसील में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बालक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बच्चे की लाश को बुरी तरह क्षत विक्षत किया गया था। हत्या का आरोपी युवक नशा स्मैकिया बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्यवाई शुरू कर दी है। 

जानिए क्या है मामला
जानकारी के अनुसार घटना जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक के कुरैशीयान मोहल्ले की है। जहां एक बालक मोहनीश लापता हो गया था। जिसे एक  नशेड़ी युवक ने बहाने से घर बुला कर मौत के घाट उतार दिया था। इतना ही नहीं इस आरोपी ने मृतक बालक के शव के छोटे-छोटे टुकड़े भी कर दिए। इस सबके बाद जब परिवार वालों को इस बात का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

परिवार का आरोप झगड़े के चलते की हत्या
परिवार वालों ने पुलिस को आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बच्चे मोनिश की हत्या उनके नशेड़ी पडोसी नजीम ने की है। जोकि स्मेक व् अन्य नशे का भी आदी है। मृतक के पिता ने कहा कि एक दिन पहले ही नशे की बात को लेकर मृतक बच्चे की मां से उसका झगड़ा हो गया था। इस पर नजीम ने मृतक की मां पर भी छुरी से हमला कर दिया था।

पुलिस कर रही मामले की गहराई से जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने नजीम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी नजीम ने बालक की हत्या कर उसके कई छोटे-छोटे टुकड़े किए है। पुलिस इसके साथ ही हत्या के कारण का भी पता लगा रही है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।