बारिश कारण बस्ती में हुए जलभराव देख पहुंचे राज्य मंत्री, नगर निगम अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- तुरंत करें समाधान

punjabkesari.in Saturday, Sep 17, 2022 - 03:53 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश में बीते दो दिन में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। इसी के चलते मेरठ के दिल्ली रोड स्थित मोहकमपुर बस्ती के मुख्य मार्ग पर भी बारिश के कारण जलभराव हो गया। जिसके कारण बस्ती के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जब इस बात की जानकारी राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर को हुई तो वह नगर निगम के अधिकारियों के साथ बस्ती में पहुंचे। मंत्री ने जलभराव से हो रही लोगों की समस्या को देखकर गहरी नाराजगी जताई और नगर निगम के अधिकारियों को शाम तक समस्या का निपटारा करने के निर्देश दिए है।

बता दें कि यह मामला जिले में स्थित मोहकमपुर बस्ती का है। यहां पर बारिश के कारण जलभराव हो गया था। बस्ती में गलियों में पानी भर गया था। जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही थी। शुक्रवार को दिनभर लोग अपने घर जाने के लिए रास्ते के पास खड़ी दीवार को सहारा बनाकर आवागमन करने के लिए मजबूर रहे। इस समस्या से जूझ रहे लोगों में आक्रोश भर गया और उन्होंने प्रमुखता के सामने यह समस्या उठाई।



मंत्री ने नगर निगम को दिए सख्त निर्देश
लोगों के आक्रोश को देखते हुए शनिवार की सुबह ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। यहां मंत्री ने जलभराव की समस्या को देखकर गहरी नाराजगी जताते हुए नगर निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और हर हाल में शाम तक समस्या का निदान करने के लिए निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मोकमपुर बस्ती के मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या का निदान कराए। इसके लिए पंप लगाकर बरसात के पानी को निकाले। इसके अलावा टूटी सड़क की मरम्मत कराने के साथ नालियों को भी ठीक कराया जाए। साफ-सफाई की हर दिन व्यवस्था की जाए। मंत्री के सामने बस्ती के लोगों ने भी अपनी बात रखते हुए समाधान की मांग की।

राज्य मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को लगाई फटकार
मंत्री ने लोगों को शीघ्र निदान का आश्वासन दिया। इसके पहले मंत्री माधवपुरम पहुंचे थे। यहां भी ग्रीन बेट में हुए जलभराव को देखकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए कहा। मंत्री ने कहा कि लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी सुनने के लिए तैयार नहीं है। अब ऐसा नहीं चलेगा। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि निगम अपने पंप लगाकर बस्ती के मुख्य रास्ते पर भरे पानी को निकालेगा। इसके अलावा सफाई की व्यवस्था, सड़क मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा।

Content Editor

Pooja Gill