बदमाशों ने हिंदू वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष को मारी गोली, घायल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 28, 2017 - 11:50 AM (IST)

फतेहपुर: यूपी निकाय चुनाव के दौरान हो रही हिंसक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला फतेहपुर जिले का है, जहां चुनाव प्रचार करके लौट रहे हिंदू वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के मुताबिक नगर निकाय चुनाव के आखिरी चरण में होने वाले मतदान का चुनाव प्रचार सोमवार शाम 5 बजे थम गया। चुनाव प्रचार करके अपने घर वापस लौट रहे हिंदू वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह को बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ठिठोरा के निकट अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को चुनावी रंजिश से भी जोड़कर देख रही है।