अॉटोचालक की हत्या के बाद कोहराम, कातिल ने सरिए से शव पर गोदकर लिखा इकबाल-ए-जुर्म

punjabkesari.in Tuesday, Nov 21, 2017 - 12:08 PM (IST)

नोएडा: नोएडा में सोमवार को सड़क किनारे ऑटोचालक का शव मिलने और उसके साथ लिखी चेतावनी को देखकर सनसनी फैल गई। इस कातिल ने दीवार पर साफ ऐलान किया है कि शराब पीने वालों का ऐसा ही हाल करूंगा। कातिल का यह संदेश देखकर शराब पीने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। इस सनकी कातिल की चेतावनी देखकर इलाके के लोग ही नहीं बल्कि पुलिस भी तनाव में है।

कातिल ने कबूला जुर्म और दी खुली चेतावनी
जानकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 71 सर्फाबाद में 55 साल के पवन कामती की एक सनकी कातिल ने सरिए से हत्या कर दी। जिस निर्माणाधीन मकान में शव पड़ा था, उसकी दीवार पर कातिल ने ईट की गिट्टी से अपनी पहचान बताते हुए एक संदेश भी लिख कर छोड़ा है।

मृतक की पीठ पर लिखा सरिए से अपना नाम
कातिल ने दीवार पर लिखा है कि वह बिहार का रजी पागल है जो उसके मन में आता है वो वही करता है। जो उसकी बात नहीं मानेगा वो उसकी हत्या भी कर सकता है। कातिल ने दारू न पीने की भी हिदायत लिखी है। इतना ही नहीं सनकी कातिल ने मृतक की पीठ पर भी सरिए से अपना नाम लिखा है।

क्या कहना है परिजनों का?
मृतक पवन कामती सर्फाबाद गांव में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। वहीं इस संबंध में परिजनों का कहना है कि वह घर के बाहर पड़े तख्त पर ही सोया हुआ था। सुबह पास के मकान में उसकी लाश मिली। लाश के पास एक शराब की बोतल भी मिली है।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि कातिल ने पवन कामती नाम के व्यक्ति की सरिया घोंपकर हत्या की है। कातिल अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। मौके से फोरेंसिक विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं, जिसका अध्ययन कर कातिल तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।