गली-मोहल्ले में लगे हैं गंदगी के अंबार, क्या नए पार्षद ला पाएंगे इनमें सुधार

punjabkesari.in Saturday, Dec 16, 2017 - 04:32 PM (IST)

जालौनः जालौन में इन दिनों गली मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है साफ़ सफाई न होने से इलाकाई लोग परेशान हैं वहीं निकाय चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नए पालिका अध्यक्ष से लोगों को काफी उम्मीदें जाग चुकी थीं। बावजूद इसके सफाई व्यवस्था जस की तस बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मुख्यालय उरई के मोहल्ला इंदिरा नगर, तुफैलपुरवा एवं लहारिया पुरवा समेत कई इलाके ऐसे हैं। जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है। साफ़ सफाई न होने से इलाकाई लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि प्रमुख मार्गों पर लगे कूड़े के ढेरों में आवारा जानवर मुंह मारते रहते हैं। वहीं नगर पालिका प्रसाशन मौन बना हुआ है। हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में विजयी हुए पालिकाध्यक्ष से लोगों को विकास की काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सफाई व्यवस्था अभी भी पुराने ढर्रे पर चल रही है।

स्थानीय ग्रामीण नीरज प्रजापति का कहना है कि हर बार चुनाव आते हैं। हर बार नगर पालिका अध्यक्ष चुना जाता है। लेकिन अगर सफाई की बात करें तो सफाई व्यवस्था ना के बराबार है। कर्मचारी सफाई के लिए आते हैं लेकिन कोई सफाई नहीं होती। जगह- जगह कूड़े के ढे़र लगे हुए हैं। साथ ही उनका कहना है कि नए पालिका अध्यक्ष आए हैं अब देखते हैं कि इनकी मेहनत क्या रंग लाती है।