''चाचा-भतीजा उफनते नाले में डूबे... बांदा में इकलौते चिराग की मौ/त, मां का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 08:49 AM (IST)
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जहां नाले के उफनते पानी में डूबने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे को ग्रामीणों की तत्परता से सही सलामत बचा लिया गया। दर्दनाक बात यह है कि ये दोनों आपस में चाचा-भतीजे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबई गांव का यह मामला है। गांव में भारी बारिश की वजह से जलभराव की स्थिति बनी हुई थी और पास का नाला पूरी तरह उफान पर था। रविवार को खेलते-खेलते दोनों मासूम नाले के पास पहुंच गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समाने लगे और छटपटाने लगे। वहींं पास में ही नहा रहे कुछ अन्य बच्चों ने जब दोनों को डूबते देखा, तो वे चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों का शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत नाले की तरफ दौड़े। बिना वक्त गंवाए ग्रामीणों ने नाले में छलांग लगा दी और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से एक बच्चे को तो समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरा मासूम गहरे पानी में कहीं ओझल हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक नाले में चली खोजबीन के बाद आखिरकार दूसरे बच्चे का शरीर बरामद हुआ। बदहवास परिजन तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में जैसे ही मासूम की मौत की पुष्टि हुई, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। कुछ साल पहले ही उसके पिता की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। पति के जाने के बाद मां अपने इस इकलौते बेटे और एक बेटी के सहारे ही जिंदगी काट रही थी। अब जिगर के टुकड़े का यूं अचानक चले जाना मां को पूरी तरह तोड़ गया है। घटना के बाद बांदा के डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि अरबई गांव में 2 बच्चों के नाले में डूबने की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू चलाया था। एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

