‘विपक्षी झूठा प्रचार करते हैं...’ शिवपाल यादव बोले- सपा सभी भगवान पर विश्वास रखती है
punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2024 - 09:10 PM (IST)
Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ नवल किशोर शाक्य के केंद्रीय चुनाव कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे व समाजवादी पार्टी के लोगों के दिल में भगवान रहते हैं और हम सभी भगवान पर विश्वास रखते है। विरोधी लोग झूठा प्रचार करते हैं। भाजपा पूरी तरह से चुनाव हार रही है और देश की संस्थाओं को अपने पक्ष में कर चुनाव जीतना चाहती है लेकिन जनता ने ठान लिया है भाजपा को चुनाव हराकर गठबंधन की जीत दिलाएगी।
भाजपा को हमारे परिवार से समस्या है: शिवपाल
शिवपाल ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पहले चरण में चुनाव बुरी तरीके से हार रही है इसीलिए यह बौखला गए हैं। यह लोग चुनाव में गड़बड़ियां कर रहे हैं हमने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव कराने चाहिए। भाजपा को हमारे परिवार से समस्या है हमारा परिवार हमेशा जीतता है और आगे भी जीतता रहेगा। ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाएं विपक्ष के नेताओं पर कार्रवाई कर रही है।
भाजपा ने पूरे देश की जनता को धोखा दिया
पार्टी महासचिव शिवपाल यादव ने कहा भारतीय जनता पार्टी धोखेबाज पार्टी है। भाजपा ने पूरे देश की जनता को धोखा देने का काम किया है। इन्होंने दावे तो अच्छे दिन दिखाने के लिए किए थे लेकिन देश की जनता के लिए अच्छे दिन नहीं आए। भारतीय जनता पार्टी ने किस की आय दोगुनी करने की बात कही थी लेकिन किसी की आए भी दोगुनी नहीं हुई। साथ ही लोगों के खाते में 15 लाख रुपए आएंगे लेकिन ना तो किसानों की आय दोगुनी हुई और ना ही किसी के खाते में 15 लख रुपए आए। बीजेपी ने नौजवानों को 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था लेकिन प्रदेश के नौजवानों को रोजगार भी नहीं दे पाई।