अखिलेश हैं प्रदेश के सबसे बड़े गप्पू और घोटालेबाज मुख्यमंत्रीः केशव मौर्य

punjabkesari.in Tuesday, Feb 28, 2017 - 11:12 AM (IST)

जमानियांः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने जमानियां से प्रत्याशी सुनीता सिंह के समर्थन में भदौरा बाजार में एक जनसभा को सम्बोधित किया। जहां उन्होंने 
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 24 घंटे बिजली देने के वादे को झूठा करार करते हुए उन्हें सबसे बड़े गप्पू और घोटालेबाज मुख्यमंत्री होने की उपाधि दे दी।

अखिलेश जनता को रहे बरगला
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनता को बरगलाने के सिवाए और कोई काम नहीं किया है। उनका कोई विकास कार्य धरातलीय नहीं है। वह केवल जनता को झूठे वादे कर रहे है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश का सबसे बड़ा गप्पू मुख्यमंत्री है। अपनी जनसभाओं में वह जो 24 घंटे बिजली देने की बात करते है वह सरासर मज़ाक वाली बात है। 24 घंटे तो दूर वहां मुश्किल से ही 2 या 3 घंटे बिजली टिकती है।

गुनहगार को बना दिया मंत्री
केशव मौर्य ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गायत्री प्रजापति को समर्थन देने पर टिप्पणी करते हुे कहा कि उनका मंत्री एक महिला के साथ गैंगरेप करता है। उस  आरोपी पर सुप्रीम कोर्ट की दखल पर मुकदमा लिखा जाता है। परन्तु इतना होने के बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री उन्हें मंत्री बना देते है। एेसे व्यक्ति कानून की नज़र में गुनाहगार है और मुख्यमंत्री गुनाहगारों का साथ देते है।

अखिलेश है सबसे बड़े घोटालेबाज 
मौर्य ने कहा कि जनता अब जान गई है कि सपा सरकार की गुण्डागर्दी इस बार नहीं चलेगी और इस बार जनता उनका सफाया कर देगी। उन्होंने कहा इस बार भाजपा की लहर दोड़ रही है। भाजपा अबकी बार सपा और बसपा रूपी कैंसर को प्रदेश से खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से प्रधानमंत्री जो मुआवजा भेजते हैं उसे अखिलेश सरकार खा जाती हैं। कहा कि अखिलेश सड़क को कागज पर बनाकर 5 अरब खा गए।एक्सप्रेस वे जो 14 करोड़ में बनना था उसे उन्होंने 30 करोड़ में बनवाया है।इतना ही नहीं जो मेट्रो एक अरब प्रति किलामीटर में बनती थी उसे दो अरब प्रति किलोमीटर से भी ज्यादा में बनाया है। इसलिए वो सबसे बडे घोटालेबाज है।