रिटायर्ड फौजी की जमीन पर दबंग करना चाहते थे कब्जा, विरोध करने पर किया ये हाल

punjabkesari.in Wednesday, Dec 27, 2017 - 07:16 PM (IST)

बांदाः उत्तर प्रदेश में दबंगो का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन दबंग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला बांदा का है। यहां दबंगो ने अपने पड़ोसी रिटायर्ड फौजी को पीटकर घायल किया है। आरोप है कि रिटायर्ड फौजी की ज़मीन में कब्ज़ा करने से असफल दबंगो ने फौजी के परिवार पर हमला बोल दिया। दबंगो ने तमंचे की बट और तलवार से फौजी परिवार को मारकर घायल कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मामला बांदा शहर कोतवाली के खुटला का है। यहां रिटायर्ड फौजी रामकिशोर प्रजापति अपनी जमीन में मकान बनवा रहा था। पड़ोस के दबंगो ने फौजी की जमीन के एक हिस्से में कब्जा करने की कोशिश की। जिस पर फौजी ने विरोध किया।

बस इसी से गुस्साए दबंग पुन्ना और सुरती केवट अपने दर्जन भर साथियों के साथ आ धमके। उन्होंने फौजी की पत्नी बेटी और दामाद पर हमला बोल दिया। हमलावर दबंगो ने लाठी डंडे, तलवार और तमंचों की बट से उन्हें मारकर घायल कर दिया। इस घटना को अंजाम देने से मौके से फरार हो गए। 

सूचना पर पहुंची पुलिस और मोहल्लेवासियों ने घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है।