दुल्हन बनी बहनों ने मंडप में लिया ऐसा फैसला कि मच गई खलबली

punjabkesari.in Thursday, Apr 21, 2016 - 03:12 PM (IST)

फर्रुखाबाद(दिलीप कटियार): उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो बहनों ने एक ही मंडप में जयमाल के बाद यह कहकर शादी से इंकार कर दिया कि उन्हें दूल्हे पसंद नहीं है। मामा ने लड़कियों का पक्ष लिया तो बारातियों ने उनके साथ हाथापाई कर दी। सूचना पर आई पुलिस दोनों दूल्हों, लड़की के मामा और पिता को फतेहगढ़ कोतवाली ले आई। बाद में लड़कियों ने कोतवाली आकर बयान दिया, तब मामला निपटा लेकिन शादी फिर भी नहीं हो पाई। बारात को बैरंग लौटना पड़ा।

 
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पहली पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से तीन पुत्री एक पुत्र और दूसरी पत्नी से दो पुत्री और एक पुत्र हैं। उसने दो बेटियों की शादी कन्नौज के दो भाइयों से तय की थी। धर्मशाला में बारात पहुंची। जयमाल के बाद दोनों लड़कियों ने मामा से कहा कि उनको दूल्हे पसंद नहीं है। वे शादी नहीं करेंगी। मामा ने यह बात सबको बताई तो खलबली मच गई।
 
बारातियों ने लड़कियों के मामा से हाथापाई कर दी। सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस धर्मशाला पहुंची और दोनों दूल्हे, लड़की के पिता व मामा को कोतवाली लेकर आई।  बाद में दोनों लड़कियों ने कोतवाली आकर शादी से इनकार कर दिया। इस पर पिता ने लड़कियों की जिम्मेदारी मामा को दिए जाने की बात कही। पुलिस ने लिखित तौर पर दोनों लड़कियों को उसके मामा राजेंद्र पाल को सौंप दिया। इसके बाद दोनों दूल्हे बारात लेकर लौट गए। एसएसआई केसी गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।