बक्से से निकल रहा था धुंआ, खोल कर देखा तो अंदर जल रहे थे तीन शव

punjabkesari.in Monday, Apr 16, 2018 - 02:01 PM (IST)

कौशांबीः उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब एक घर में एक महिला और उसकी 2 बेटियों के अधजले शव पड़े मिले। आस-पास के ग्रामीणों ने जब शवों को देखा तो उन्होंने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने महिला ने पति को हिरासत में ले लिया है।

जानिए पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक मामला सराय अकिल थाना के तिल्हापुर गांव का है। यहां के निवासी राजू पासी की शादी लगभग पांच साल पहले करारी थाना के बरई बंधवा गांव में अमरावती (25) के साथ हुई थी। शादी के बाद अमरावती ने 2 बेटियों को जन्म दिया। वहीं सोमवार सुबह को अमरावती के पति ने शोर मचाना शुरु कर दिया। आस-पड़ोस के लोगों ने जब उसके घर आकर देखा तो उसकी पत्नी व बेटियों का शव बक्से के अंदर जली अवस्था में पड़े हुए थे।

बक्से में मिले तीन अधजले शव
तभी आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत महिला के पति से पूछताछ की। पति ने बताया कि रात में वह छत पर सोया था, भोर में जब वह नीचे आया तो उसकी पत्नी व बच्चे नहीं दिखाई दिए। उसे पीछे के कमरे से जलने की गंध आ रही थी, तभी वह कमरे के अंदर पहुंचा तो बक्से के अंदर से धुआं निकल रहा था। बक्सा खोला तो पत्नी व बेटियों के अध्जला शव मिले।

मायके वालों ने लगाया पति पर आरोप
इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक महिला के मायके वाले मौके पर पहुंचे। वहीं मृतका के पिता ने जमाई पर बेटी व नातिनों को जला के मारने का आरोप लगाया है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजू दहेज की मांग करता था, जिसके चलते उसने इस जुर्म को अंजाम दिया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 

Tamanna Bhardwaj