इटावा: नवरात्रि पर निकाली गई शोभायात्रा में ‘बुलडोजर बाबा’ की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

punjabkesari.in Sunday, Apr 10, 2022 - 08:47 PM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के बीच खौफ पैदा करने वाला बुलडोजर अब धार्मिक शोभा यात्राओं में लोगो के लिये आकर्षण का केन्द्र बन गया है। ऐसा ही एक रोचक वाक्या इटावा शहर में बीती देर रात देखा गया जहॉ एक धार्मिक यात्रा में बुलडोजर को शामिल किया गया। बुलडोजर को देख कर हर कोई हैरत में पड गया लेकिन बुलडोजर के प्रति आकर्षण ऐसा था कि हर कोई इसको निहारता हुआ चला जा रहा था। शोभायात्रा शहर के हनुमान मंदिर कटरा सेवा कली से शुरू होकर नया शहर चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, तिकोनिया, नगर पालिका चौराहा, राजागंज चौराहा, पचरहा, छैराहा, बाह अड्डा, टैक्सी मन्दिर होते हुए माता सिद्ध पीठ कालीबाहन पर पहुंची। जहां पर विशाल झंडा माता रानी के दरबार में चढ़या गया और भक्तों ने देवी माँ के दर्शन कर अपनी मनोकामना पूरी होने के लिए प्रार्थना की।

इटावा शहर में देर रात निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ की झांकी व बुलडोजर आकर्षण का केंद्र बन गया। झांकी और बुलडोजर को लेकर शोभा यात्रा आयोजक ने तुषार अग्रवाल ने बताया कि वह संदेश देना चाहते हैं कि जल्दी इटावा में भी बुल्डोजर चलाया जाए क्योंकि जगह जगह अतिक्रमण करके लोगों ने रखा हुआ है और बुलडोजर चला कर जनता को जाम जैसी समस्याओं से निजात दिलाई जानी चाहिए। शोभा यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि शोभायात्रा में जय श्रीराम के नारे गूंजते सुनाई दिए।      

इस शोभायात्रा में बुल्डोजर को बड़ी ही खूबसूरती से सजाया गया है जिसमे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें लगाई गईं और योगी आदित्यनाथ का भेष धारण करके एक युवक बुलडोजर के साथ खडा किया गया। इसके साथ ही रामभक्त हनुमान बने दो युवक भी खडे किये गये। इस शोभा यात्रा में मर्यादा पुरूर्षोत्म भगवान राम का दरबार, दुर्गा जी का दरबार, भगवान भोले नाथ, राधा कृष्ण की झांकियां भी शामिल की गई लेकिन लोगों के आकर्षण का विशेष केंद्र योगी आदित्यनाथ की झांकी रही।

शोभा यात्रा मे शामिल लोग बताते हैं कि कि मुख्यमंत्री योगी जिस तरह से अपराधियों के खिलाफ अपने अभियान में बुलडोजर का प्रयोग कर रहे हैं उससे एक संदेश यह जाता हुआ दिख रहा है कि वो अपराधियो के खिलाफ भस्मासुर के रूप मे सामने आ गये है, इस यात्रा मे इस बुल्डोजर को केवल इसलिए शामिल किया गया है कि ताकि आम लोगों के जहन में बुलडोजर का महत्व समझ में आ जाये।

Content Writer

Mamta Yadav