''पति नहीं, सहेली के साथ रहूंगी''... 1 महीने से लापता महिला की अनोखी जिद, सोशल मीडिया से खुला राज

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 08:01 AM (IST)

Ghaziabad News: जिले के खोड़ा इलाके में 4 साल शादीशुदा जिंदगी बिताने के बाद एक महिला ने अपने पति को छोड़कर अपनी महिला सहकर्मी के साथ रहने का फैसला किया है। करीब एक महीने से लापता चल रही महिला जब खोड़ा के वंदना एन्क्लेव में अपनी सहकर्मी के साथ मिली, तो उसने पति के साथ वापस घर जाने से साफ इनकार कर दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिया नाम की महिला और उसकी सहकर्मी नीलम एक ही निजी कंपनी में काम करती हैं। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे काफी गहरी हो गई। इस बीच प्रिया का उसके पति से आए दिन विवाद होने लगा। महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ मारपीट और खराब व्यवहार करता था। बीती 12 अगस्त को पति से झगड़े के बाद प्रिया अचानक घर छोड़कर चली गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पति ने ईकोटेक थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। उधर, नीलम के परिवार वाले भी उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

ये भी पढ़ें:- पुलिस को देख ट्रक से कूदे तस्कर, तलाशी ली तो उड़े होश... सोनभद्र से 220 KG गांजा बरामद

बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि प्रिया और नीलम खोड़ा के वंदना एन्क्लेव में किराए का कमरा लेकर एक साथ रह रही हैं। रविवार को जब पति और दोनों युवतियों के परिजन वहां पहुंचे, तो उन्हें साथ पाया। परिजनों और पति ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की और घर वापस लौटने को कहा, लेकिन दोनों युवतियों ने एक-दूसरे का साथ छोड़ने से साफ मना कर दिया। प्रिया ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि वह पति के साथ नहीं जाना चाहती और नीलम के साथ ही रहेगी।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में देर शाम तक दोनों युवतियों और उनके परिजनों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन युवतियां अपने फैसले पर अड़ी रहीं। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों पक्ष अपनी बात रख रहे हैं। अगर इस संबंध में कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static