ग्रामीणों की मुस्तैदी से बदमाश हुए पस्त, एक काे उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Tuesday, Aug 21, 2018 - 04:17 PM (IST)

सहारनपुर (रामकुमार)-उत्तर प्रदेश सरकार के लाख दावों के बावजूद बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। जिसका एक और उदाहरण सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के तुरमतखेड़ी गांव में देखने को मिला। यहां 10-12 बदमाश लूट के इरादे से गोलीबारी करते हुए एक गांव में घुस गए।

लूटपाट के दाैरान बदमाशाें ने गाेली चला दी जिसमें एक गोली  बच्चे के पैर में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की आेर दौडे़। ग्रामीणों की भीड़ को अपनी आेर आते देख बदमाश घबरा गए और भागकर गन्ने के खेत में छिप गए।

ग्रामीणों ने बदमाशों को घेर लिया। दोनों पक्षों में काफी देर तक गोलीबारी होती रही। जिसमें एक बदमाश जिंदा पकड़ा गया और एक गोली लगने से मौके पर ही मारा गया। इस सारे मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पकडे़ हुए बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक बदमाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। बाकी बदमाशों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की है।

एसएसपी उपेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि बदमाशों की संख्या 10-12 बताई जा रही है। जिनमें एक महिला भी शामिल है। मारे गए बदमाश की पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना में शामिल बाकी बदमाश गन्ने के खेत में छुपे हुए हैं। जिनके साथ मुठभेड़ जारी है।

Ajay kumar