पति के साथ ससुराल वापस जाने से इनकार करना पत्नी को पड़ा भारी, बहाने से कमरे में बुलाकर दी दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, Feb 18, 2023 - 03:35 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) जिले से हत्या का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने चाकू से गोदकर पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी विवाद को लेकर कोर्ट केस चल रहा था। इसी के चलते आरोपी पति पत्नी से बात करने के लिए ससुराल पहुंचा था। जहां उसने बहाने से पत्नी को कमरे में ले जाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।



जानें क्या है मामला?
बता दें कि घटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के आर्य नगर इलाके की है। जहां की निवासी वंशिका कश्यप (22) की शादी 2 साल पहले गाजियाबाद के विजयनगर इलाके के रहने वाले नरेश से हुई थी। शादी के 6 महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर दोनों के बीच कोर्ट केस भी चल रहा था। जिसके बाद से वंशिका अपने पति से अलग मायके में रहने लग गई। इसी के चलते बीते शुक्रवार को नरेश पत्नी वंशिका से मिलने के लिए ससुराल पहुंचा और उसे अपने साथ वापस घर चलने को कहा, लेकिन वंशिका ने इनकार कर दिया।

ये भी पढ़े....सपा विधायक इरफान सोलंकी को HC से बड़ा झटका, फर्जी आधार कार्ड मामले में जमानत की खारिज

बात करने के बहाने से कमरे में बुलाकर उतारा मौत के घाट

इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। जिसके बाद पति नरेश ने वंशिका को अकेले में बात करने के बहाने से घर की ऊपर वाली मंजिल के कमरे में बुलाया। जहां उसने वंशिका के पेट, गले, चेहरे पर चाकू से कई वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घायल वंशिका को वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। इसी कड़ी में जब काफी देर तक वंशिका नीचे नहीं आई तो घरवाले कमरे में पहुंचे। जहां उन्हें वंशिका लहूलुहान पड़ी हुई मिली। आनन-फानन परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



क्या कहती है पुलिस?
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी नरेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में जानकारी देते हुए एसीपी सिटी अंशु जैन ने बताया कि पत्नी की हत्या करने वाले पति की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बना दी गई हैं।जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Content Editor

Harman Kaur