डाॅक्टरों की बड़ी लापरवाही: जिंदा महिला को किया मृत घोषित, एेसे हुआ खुलासा

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2017 - 10:54 AM (IST)

लखनऊ(अनिल सैनी): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ट्रामा सेंटर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चिकित्सा विभाग के डॉक्टर ने चेकअप करने के बाद जिंदा महिला मरीज को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस बड़ी से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार तालकटोरा के गढ़ी कनौरा गांव की निवासी शमशुन निशां पेट की समस्या के साथ-साथ कई अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं। शुरु से ही उसका इलाज केजीएमयू में चल रहा था। रविवार को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला मरीज का चेकअप करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम हाऊस ले गए। इसके बाद डॉक्टरों को महिला के जिंदा होने के संदेह हुआ तो उन्होंने उसका ईसीजी किया। ईसीजी की जांच में पता चला कि महिला मरी नहीं बल्कि जिंदा है।

महिला के जिंदा होने की बात का पता लगने पर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों के एेसा करने पर नाराज डॉक्टर मरीज को बाहर खदेड़ने की धमकी देने लगे। दोनों पक्षों के बीच विभाग में विवाद बढ़ गया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। मामले की जांच की जा रही है।