BJP नेता के घर चोरी: इधर ADG कर रहे थे सुरक्षा व्यवस्था की ब्रीफिंग, उधर 35 लाख के गहने और दो लाख कैश चुराकर ले गए चोर

punjabkesari.in Tuesday, May 02, 2023 - 01:31 PM (IST)

झांसीः उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गौरव तिवारी के घर 35 लाख से अधिक की चोरी हो गई है। इस वारदात के दौरान एडीजी आलोक सिंह सीएम के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की ब्रीफिंग कर रहे थे। चोरी की इस वारदात के बाद पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया है।



बता दें कि, यह वारदात जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के शिवपुरी रोड स्थित एक पॉश कॉलोनी में हुई। भाजयुमो उपाध्यक्ष गौरव तिवारी ठेकेदारी भी करते हैं। उनके माता-पिता बाहर रहते हैं। फ्लैट में वह दादी और एक नौकर के साथ रहते हैं। सोमवार को भाजपा की वाहन रैली निकलनी थी। वह दादी को दोपहर करीब 12 बजे केके पुरी कॉलोनी में बुआ के पास छोड़कर नौकर को लेकर वाहन रैली में गए थे। शाम को जब उनका एक दोस्त उनके घर पहुंचा तो घर का ताला टूटा हुआ था। उसने यह बात गौरव को बताई।

यह भी पढ़ेंः CM योगी का झांसी दौरा आज, जनसभा में करेंगे भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील

गहने और कैश चुराकर ले गए चोर
जब गौरव घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे थे। उन्होंने अंदर पहुंचकर देखा तब नीचे और ऊपर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर एक लॉकर अपने साथ ले गए, जबकि दूसरे लॉकर से 35 लाख के गहने और करीब दो लाख रुपए कैश चुराकर ले गए। गौरव के मुताबिक लॉकर में करीब 35 लाख रुपए के गहने रखे थे। इनमें सोने के लॉकेट, हार, सोने की चूड़ियां, अंगूठी, सोने के सिक्के समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। यह उनकी शादी के लिए मां ने जुटाए थे।



एडीजी के ब्रीफिंग के दौरान हुई वारदात
जब यह चोरी की घटना हुई तो उस दौरान एडीजी जोन आलोक सिंह पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग कर रहे थे। इस ब्रीफिंग में जनपद के सभी थानेदार समेत पुलिस अफसर भी मौजूद थे। उसी दौरान बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर घर का ताला तोड़ा और सारा समान उड़ा कर ले गए। इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। इसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए। यह दोनों ही युवक एक लग्जरी कार में सवार होकर वहां पहुंचे थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि इसमें किसी करीबी का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।  

Content Editor

Pooja Gill