प्रेम को पूजना है तो वृंदावन जाकर कृष्ण को पूजे प्रेमी युगल, अश्लीलता बर्दाश्त नहीं:  बजरंग दल

punjabkesari.in Sunday, Feb 13, 2022 - 08:25 PM (IST)

आगरा: हिंदूवादी संगठन राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन को विदेशी बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है। हिंदूवादियों ने वेलेंटाइन के पुतले को फांसी देकर लटका दिया।  कार्यकर्ताओं ने कहा कि  14 फरवरी को जो भी प्रेमी जोड़ा पार्कों में अश्लीलता करता मिलेगा उसकी तत्काल हिन्दू रीति रिवाज से शादी करवा दी जाएगी।



बता दें कि वैलेंटाइन को लेकर हर बार की तरह इस बार भी हिंदूवादी संगठनों ने इसे प्रेम का प्रतीक न मानते हुए पाश्चात्य संस्कृति का अंग मानते है साथ ही अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते है। वहीं  वेलेंटाइन डे से एक दिन पहले राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आगरा के राजा की मंडी चौराहे पर संत वेलेंटाइन का पुतला लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुतले को फांसी पर लटकाया। हिंदूवादी नेता अवतार गिल का कहना है की रात में उन्हें वेलेंटाइन घूमता हुआ मिला है और यह कोई संत नहीं है। अश्लीलता फैलाने वाला व्यक्ति है। इसकी वजह से हिन्दू संस्कृति खराब हो रही है और युवा अश्लीलता का नंगा नाच कर रहे हैं। हिंदूवादियों ने ऐलान किया है की लड़कियां कालेज का बहाना करके निकलती हैं और पार्कों में अश्लीलता फैलाती हैं। वेलेंटाइन डे पर 12 बजे सभी हिंदूवादी इकट्ठा होंगे और पार्कों में जाकर छापेमारी करेंगे। इस दौरान जो भी प्रेमी जोड़े मिलेंगे,राष्ट्रीय बजरंग दल उनकी वहीं पर हिन्दू रीति रिवाज से शादी करवा देगा।



हिंदूवादी नेता अज्जू चौहान का कहना है की अगर युवा प्रेम को पूजते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। पर इसके लिए वो मथुरा वृन्दावन जाएं और भगवान कृष्ण की पूजा करें। नहीं जा सकते हैं तो अपने क्षेत्र के मंदिरों में जाएं और भगवान कृष्ण के दर्शन का लाभ लें। किसी कीमत पर अश्लीलता नहीं फैलाने दी जाएगी।

Content Writer

Ramkesh