ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर संगीत सोम ने दिया विवादित बयान,कहा- 1992 से ज्यादा 2022 के युवाओं में है जोश

punjabkesari.in Tuesday, May 10, 2022 - 12:21 PM (IST)

मेरठ: अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वालों भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम ने ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 1992 में तथाकथित मस्जिद ध्वस्त की थी और अब 2022 में ज्ञानवापी मस्जिद ध्वस्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि 19 92 से ज्यादा 2022 के युवाओं में जोश है। सोम ने कहा कि रामलला वर्षों तक तिरपाल में रहे। अब वह भव्य भवन में आ रहे हैं। ज्ञानवापी मस्जिद को ध्वस्त कर भगवान भोलेनाथ का परिवार बसाकर संपूर्ण मंदिर बनाया जाएगा। अब काशीनाथ मंदिर को उसी रूप में लेकर आया जाएगा। यह बातें संगीत सोम ने ज्वालागढ़ के चौराहे पर सोमवार को महाराणा प्रताप की जयंती कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने मुगल शासक अकबर को कई बार रणभूमि में टक्कर दी। मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए प्राण न्योछावर कर दिए थे। कार्यक्रम में धर्मेंद्र, अशोक प्रधान, धीरेंद्र सिंह, मोंटी प्रधान, दिनेश भामौरी, मनोज प्रमुख, अनिल कुमार, शक्ति सिंह, अनुज कुमार, डा. महेश सोम, ओमवीर आदि रहे।

बता दें कि इसके पहले भी भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने मुसलमानों को लेकर विवादित बयान दे चुके है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा है कि अगर किसी मुसलमान को अपने देश पर नहीं भरोसा है तो वह पाकिस्तान चले जाएं और पाकिस्तान में अपनी आस्था दिखाएं। 

Content Writer

Ramkesh