6 हजार रुपए पर हुआ विवाद तो पति की कर दी हत्या, लाश दफन कर ऊपर सो भी गई

punjabkesari.in Friday, Feb 03, 2023 - 06:48 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां महज 6 हजार को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने पति को मौत के घाट उतार दिया। हैरत की बात है कि हत्या करने के बाद पत्नी ने पति के शव को कमरे में ही डबल बेड के नीचे दफना दिया और रात भर बेड पर आराम से सोती रही। इस हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानिए क्या है मामला?
घटना कानपुर के बिधनू के सरोली गांव की है। यहां के रहने वाले उमेश यादव की पत्नी मोनिका ने घर में पाली गई भैंस को 6 हजार में बेचा था। उमेश को जरूरत पड़ने पर उसने जब मोनिका से पैसे मांगे तो दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसको लेकर मोनिका आग बबूला हो गई और अपने दोनों बच्चों के स्कूल जाते ही पति को गला घोंट कर मार डाला। हत्या के बाद लाश को अपने बेडरूम में ही गाड़ दिया और रात भर चैन की सोती रही। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को पत्नी पर शक हुआ।

वहीं जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो सारे राज से पर्दा उठ गया। पहले मोनिका पुलिस को काफी देर पूछताछ के दौरान गुमराह करती रही, लेकिन मृतक उमेश के परिजनों की सूचना पर मोनिका के दरवाजे जब पुलिस पहुंची तो उसने गेट नहीं खोला। इसी तरीके से पुलिस बगल के मकान से चलकर मृतक उमेश और उसकी पत्नी मोनिका के घर में दाखिल हुई। जिसके बाद पुलिस ने मोनिका को गिरफ्तार किया।

मृतक की मां शिव देवी ने पुलिस को बताया कि मोनिका का पति उमेश से झगड़ा होता था। उसने मंगलवार को उमेश से कहा था कि वह उमेश की हत्या कर देगी। मंगलवार शाम 6 हजार रुपए के लिए विवाद हुआ। जिसके बाद बुधवार दोपहर से उमेश के नजर ना आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके चलते उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। बता दें कि राजेश और उसके तीन भाई सरोली गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं।  

Content Writer

Tamanna Bhardwaj