Auraiya: महिला मरीज में ‘Monkey Pox'' जैसे लक्षण मिलने से हड़कम्प, सैंपल भेजा गया लखनऊ

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2022 - 10:45 PM (IST)

औरैया: उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र में एक महिला मरीज में संक्रामक रोग ‘मंकी पॉक्स' जैसे लक्षण मिलने पर हड़कंप मच गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिला अस्पताल से आयी चिकित्सकों की टीम ने महिला के सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए लखनऊ स्थित केजीएमसी भेजा जा रहा है। फिलहाल महिला को बचाव के निर्देश के साथ उसके घर भेज दिया गया है।       

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार शाम यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी एक महिला को बीते एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। महिला एक निजी अस्पताल में उपचार करा रही थी। आराम न मिलने पर उसने कई चिकित्सकों को दिखाया। फिर भी आराम न मिलने वह रविवार को बाईपास रोड स्थित एक पूर्व चिकित्साधिकारी से दवा लेने गयी। जहां पर पूर्व चिकित्साधिकारी ने महिला के शरीर पर छोटे-छोटे धब्बे देखे। महिला ने हांथ व पैर के तलवों में तेज दर्द बताया।      

इस पर चिकित्सक ने महिला में संभावित मंकी पॉक्स के लक्षण मानते हुए इस बात की जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन के जिला स्तरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिधूना भेज दिया गया। उक्त जानकारी मिलते ही जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गये। इसके बाद सीएमओ डा अर्चना श्रीवास्तव ने महिला का सैंपल लेने के लिए जिला अस्पताल से डाक्टर सरफराज को बिधूना अस्पताल भेजा। जिन्होंने बिधूना अस्पताल पहुंचकर डाक्टर संकल्प दुबे व एलटी अंकिता त्रिपाठी के सहयोग से महिला के शरीर के धब्बों आदि का सैंपल लिया और सैंपल लेकर वापस जिला अस्पताल औरैया चले गये, जिन्हें जांच हेतु केजीएमसी लखनऊ भेजा जायेगा।       

इस संबंध में अधीक्षक डाक्टर सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि महिला में मंकी पॉक्स जैसी बीमारी को देखते हुए उसका सैंपल लिया गया है। जिसे जांच हेतु केजीएमसी लखनऊ भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी महिला को बचाव के निर्देश के साथ उसके घर वापस भेज दिया गया है।

Content Writer

Mamta Yadav