फैजुल्लागंज में बाढ़ की समस्या का होगा स्थायी समाधान, राजनाथ सिंह बोले- धन की कमी नहीं होने देंगे

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:32 PM (IST)

लखनऊ: रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को राजधानी के बाढ़ प्रभावित फैजुल्लागंज के लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। राजनाथ ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए तटबंधों को मजबूत करने और स्थायी समाधान तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिला प्रशासन तथा क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा के संपर्क में हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा, ''यह भाषण देने का समय नहीं है। मैं आपको भरोसा दिलाने आया हूं कि संकट की इस घड़ी में हम आपके साथ खड़े हैं।'' उन्होंने बताया कि बाढ़ की समस्या पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने तटबंध निर्माण के लिए 182 करोड़ रुपये की घोषणा की है। सिंह ने कहा कि वह भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) से फैजुल्लागंज तक प्रस्तावित तटबंध की आधारशिला रखने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना को आगे बढ़ाने और जल्द निर्माण शुरू कराने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अधिकारियों के साथ भी चर्चा की गई है। सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे। 

रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रभावित लोगों के बीच करीब 10 हजार और राहत पैकेट वितरित किए जाएंगे। उन्होंने विधायक बोरा से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत सामग्री से वंचित न रहे। रक्षा मंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद बीमारियां फैलने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है, आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और राहत कार्यों में चिकित्सकों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

सिंह ने कहा कि संकट के समय लोगों की मदद करना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है, कोई एहसान नहीं। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने प्रतिनिधियों पर भरोसा जताया है और उस भरोसे पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। सिंह ने कहा कि सरकार ऐसी व्यापक व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है जिससे फैजुल्लागंज के लोगों को भविष्य में बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static