मोटी दुल्हन को देख फरार हुआ था दूल्हा, पुलिस ने ढूंढा

punjabkesari.in Tuesday, Oct 31, 2017 - 03:07 PM (IST)

बिजनौर(हाशिम अहमद): उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक अजीबो-गरीब मामला देखने को मिला था। जहां पर बारात से चंद घण्टे पहले एक दूल्हा अचानक गायब हो गया था, जिससे परिजनों के साथ-साथ लड़की पक्ष के भी होश उड़ गए थेे। लेकिन आज जब पुलिस ने उस दूल्हे को गिरफ्तार किया तो मामला कुछ और ही निकला।

जानकारी के मुताबिक मामला जिले के रायपुर थानाक्षेत्र के गांव कोटकादर का है। जहां के निवासी वसीम शेख का निकाह 8 महीने पहले झक्काकी की राजदा के साथ तय हुआ था। बीते दिन बारात के साथ दुल्हन की रूखसती होनी थी। बारात से कुछ घंटे पहले दूल्हा अपने दांतो की सफाई कराने के लिए रायपुर गया था, लेकिन उसी दौरान वह रहस्मयी तरीके से लापता हो गया। गांववालों के साथ परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।

वहीं बारात का इंतजार कर रहे लड़की पक्ष के आगे बिना दूल्हे के ही बारात को ससुराल में ले जाना पड़ा। दूल्हे के अचानक गायब होने से परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका को लेकर थाने से मदद की गुहार लगाई थी। गायब दूल्हे ने कई बार परिजनों को फोन पर जबरदस्ती बंधक बनाने की बात कही थी। जिसके चलते पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर दूल्हे को कलीयर शरीफ में एक बाबा के यहां से बरामद कर लिया है।

पूछताछ में दूल्हे ने बताया कि उसका दिमाग खराब हो गया था। गांववाले उसकी दुल्हन को मोटी बता रहे थे। जिस कारण वह शादी से पहले फरार हो गया। उधर दुल्हन पक्ष का कहना है कि उन्होंने शादी मे 8 लाख रूपए खर्च किए है। इस तरह उसे किसी की जिंदगी के साथ खिलवाड करने का कोई हक नही है। फिलहाल पुलिस दूल्हे को हिरासत मे लेकर मामले की जांच कर रही है।