गजब: यह बकरा रोजाना दे रहा है दूध, लोग मान रहे चमत्कार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2017 - 10:56 AM (IST)

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक बकरा दूध देने के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। आपको सुनने में यह बात भले ही अजीब लगे लेकिन जिसने भी इस बकरे को दूध देते अपनी आंखों से देखा है वो इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहा है।
                 
जानकारी के अनुसार मामला इलाहाबाद जिले के उतरांव थाना क्षेत्र के खोदाईपुर गांव का है। यहां के निवासी एक किसान देवीदीन पाल ने घर एक ऐसा बकरा पाला है, जो दूध देता है। लोगों ने पहले तो उनकी बात पर विश्वास नहीं किया लेकिन जब बकरे की मालिक इन्द्रावती ने लोगों को सामने बकरे का दूध निकालकर दिखाया तो लोग हैरान रह गए। इन्द्रावती का कहना है कि यह बकरा रोज एक से डेढ़ पाव तक दूध देता है।
                 
इन्द्रावती के मुताबिक जब उन्होंने बकरे से दूध निकाला और उसे डेयरी ले गए तो वहां पर चेक करने के बाद दूध बिल्कुल बकरी के दूध जैसा निकला। बकरे के मालिक का कहना है कि यह बकरा 3 महीने से दूध दे रहा है। पूरे इलाके में दूध देने वाला बकरा लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि यह बकरा अपना दूध खुद पी जाता था, जब यह बात उन्हें पता चली तो उन्होंने खुद इस बकरे का दूध निकालकर देखा।