पुलिस की लापरवाही के चलते महिला ने उठाया एेसा कदम, ड‍िप्टी CM ने द‍िए जांच के आदेश

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2017 - 02:23 PM (IST)

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पड़ोस के जिले कौशांबी में एक महिला की खुदकुशी के मामले की जांच का आदेश दिया गया है। इस महिला ने अपने साथ दुर्वयवहार करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस के कथित तौर पर विफल रहने के बाद यह कड़ा कदम उठाया था। 23 वर्षीय महिला द्वारा की गई खुदकुशी के संबंध में पूछे गए सवालों पर मौर्य ने कहा कि हमने इस घटना की जांच का आदेश दिया है। हम इसे देखेंगे जिससे न्याय मिल सके।

महिला ने कौशांबी के पिपरी पुलिस थाना अंतर्गत अपने घर पर उस समय आत्महत्या कर ली जब वीरवार को महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति की पिटाई करने पर महिला के चाचा और कुछ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस महिला के माता-पिता नहीं थे और वह अपने चाचा के घर रहती थी। जब महिला ने अपने चाचा से इस छेड़छाड़ की शिकायत की तो वह अपने कुछ दोस्तों के साथ उस युवक के घर गए जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

इसके बाद महिला के चाचा ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की आेर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक दिन बाद उस लड़की के चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई जिससे महिला को सदमा लगा और बीती रात उसने पंखे से लटककर खुद को फांसी लगा ली।