इस गांव में किसानों ने BJP नेताओं के आने पर लगाया प्रतिबंध बोर्ड, लिखा- जान माल की स्वयं करें रक्षा

punjabkesari.in Sunday, Oct 07, 2018 - 12:37 PM (IST)

अमरोहाः उत्तर प्रदेश में अमरोहा की धनौरा तहसील के रसूलपुर गांव में दिल्ली जाने से किसानों को रोकने एवं उन पर लाठीचार्ज करने की घटना से क्षुब्ध ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं के घुसने पर प्रतिबन्ध वाला बोर्ड लगा दिया है।   

ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक बोर्ड लगा दिया है। जिस पर किसान एकता जिंदाबाद का नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) वालों का इस गांव में आना सख्त मना है। जान माल की स्वयं रक्षा करें। सौजन्य से किसान एकता, रसूलपुर माफी,अमरोहा लिखा हुआ है। यह बोर्ड के लगने से भाजपा में बेचैनी बढ़ गई है।   

दिल्ली किसान रैली में शामिल रहे किसान धर्मपाल ने बताया कि वे किसान क्रांति यात्रा में गए थे,उन्हें और हजारों किसानों को दिल्ली में नहीं जाने दिया गया। यही नहीं बेगुनाह और निहत्थे किसानों पर लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए,जिसमें कई लोग घायल हुए। खुद धर्मपाल भी घायल हुए। उन्होंने कहा कि किसानों की बात का दिखावा करने वाली भाजपा सरकार अब उन्हें बिलकुल बर्दास्त नहीं है।  

इस मामले में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि ये किसान का दर्द है। जो इस तरह बाहर निकल कर आया है। सरकार को गंभीरता से किसानों की मांगों पर ध्यान देकर उसे चुनावों से पहले पूरा करना पड़ेगा। भाजपा ने 2014 में जो घोषणा पत्र दिया था वही लागू करे।   उन्होंने कहा कि आज 2014 के मुकाबले महंगाई दुगनी हो गई है,स्वामिनाथन आयोग की सिफारिश लागू नहीं करने के अलावा किसान का दर्द जब सरकार नहीं सुन रही तो ऐसी सरकार का भविष्य क्या होगा। भारत का दिल गांव में है और उसे सींचता किसान है। इसलिए सरकार को लोकसभा चुनाव से पहले किसानों की मांगों को पूरा करना पड़ेगा वरना किसान विकल्प पर विचार करेगा। 


 

Ruby