‘कभी ताजमहल को श्मशान कहने वाले ही अब वहां लगा रहे हैं झाड़ू’

punjabkesari.in Monday, Oct 30, 2017 - 03:17 PM (IST)

देवरिया: समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए कहा है कि कभी ताज को श्मशान कहने वाले लोग अब वहां झाड़ू लगा रहे हैं। सपा महासचिव रमाशंकर राजभर ने बातचीत में कहा कि कुछ लोग जनता की भावनाओं के साथ खेलते है। जो लोग ताजमहल को कभी श्मशान कहते थे। अब वहां झाड़ू लगाकर लोगों की वाहवाही बटोरने के कोशिश में लगे हैं।

राजभर ने बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया कि प्रदेश का विकास हुआ ही नहीं हैं। कुछ लोग निकाय चुनाव में लोगों का ध्यान मुद्दों से भटकाने के लिए ताजमहल की सियासत कर रहे है। प्रदेश की जनता सरकार के मनसूबों को जान चुकी है। इस बार सपा प्रदेश के निकाय चुनाव में सत्तारूढ भाजपा को कड़ी टक्कर देने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव में मतों के ध्रुवीकरण करने की कोशिश करेगी।

सपा, भाजपा के इन मंसूबो पर पानी फेर देगी। प्रदेश में व्यवसायी नोटबंदी और वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) लागू होने पर अपने को ठगा महसूस कर रहा है। प्रदेश का व्यवसाई वर्ग निकाय चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट करेगा। राजभर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा से अपने को छला महसूस कर रही है। समाजवादी सरकार में बनी जनहित की योजनाओं को भाजपा सरकार रोकने का कार्य कर रही है। सपा सरकार के दौरान से चालू 108 एम्बूलेंस सेवा और डायल 100 को सरकार सही ढंग से नहीं चला पा रही है।