कंटेनर ने बाइक को 3 KM तक घसीटा, फिर भड़की आग से उजड़ा परिवार... मां-बेटियों की दर्दनाक मौ/त
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 11:34 AM (IST)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मां और उसकी 2 मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कछपुरा निवासी कलेक्ट्रेट के संविदा कर्मचारी बॉबी (32) मंगलवार सुबह पत्नी सुमन (30), 4 वर्षीय बेटी प्रियांशी और 1 वर्षीय बच्ची के साथ ससुराल बेवर से मैनपुरी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई और चालक उसे करीब 3 किलोमीटर तक घसीटता ले गया। घर्षण से निकली चिंगारियों के कारण बाइक और कंटेनर में आग लग गई। हादसे में सुमन और दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। कंटेनर में लदे स्पोर्ट्स शूज का सामान भी जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घायल बॉबी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कंटेनर चालक को हिरासत में लिया है।

