आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका, पैर में गोली लगते ही गिर पड़ा शातिर... 3 कुख्यात गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 11:35 AM (IST)
Sultanpur News: सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बीते रविवार रात मुठभेड़ के बाद 3 कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के जेवरात, एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान सुलतानपुर के दामोदरपुर निवासी विपिन निषाद (24) के रूप में हुई है। अन्य गिरफ्तार बदमाशों में मझगवां निवासी नागेंद्र उर्फ बबलू (25) और अलीपुर कांपा निवासी नीरज (25) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, विपिन निषाद का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ कादीपुर और दोस्तपुर थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि नागेंद्र उर्फ बबलू के खिलाफ जौनपुर के सरपतहा और सुलतानपुर के दोस्तपुर व मोतिगरपुर थानों में चोरी सहित चार मामले दर्ज हैं।

