तेज आंधी का कहरः आंगन में खेल रहे बच्चों पर गिरी दीवार, 2 की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Monday, May 22, 2017 - 12:58 PM (IST)

सहारनपुरः तेज आंधी के कारण बीती शाम दीवार गिरने से एक परिवार के 5 बच्चे मलबे में दब गए। मलबे में दबकर 2 मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्रवासियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

मोहल्ला गुलाम औलिया में गय्यूर का तीन मंजिला घर है। गय्यूर के पड़ोस में ही इसरार का घर है।  बीती शाम इसरार के घर में बच्चे खेल रहे थे। खेलते समय ही अचानक तेज आंधी आ गई। आंधी के बाद गय्यूर की 3 मंजिल की दीवार इसरार के घर पर गिर गई। आंगन में खेल रहे सभी बच्चे दीवार के मलबे में दब गए।

दीवार की चपेट में आने से इसरार की 7 साल की बेटी जिकरा और रुड़की से मेहमानदारी में आई 5 साल की मुस्कान की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 बच्चे अलद 7 साल पुत्र इसरार और अय्यान 6 साल पुत्र तस्लीम गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।