यूपी में शुक्रवार की नमाज के लिए की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

punjabkesari.in Friday, Dec 20, 2019 - 12:11 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और संभल में हिंसा के बाद जुमे की नमाज के मद्देनजर शुक्रवार को पूरे उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के दौरान गुरूवार को एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। तथा 29 अन्य घायल हो गए थे। लखनऊ, कानपुर, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और अन्य स्थानों समेत अधिकांश शहरों में इंटरनेट सेवाएं कल देर रात से निलंबित हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जुमे की नमाज अता करने के दौरान सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी तैनात रहेगी। लोगों को किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन या किसी भी मार्च को निकालने की अनुमति नहीं होगी। लखनऊ में, अधिकारियों ने गुरुवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। कल की हिंसा के बाद शुक्रवार सुबह राज्य की राजधानी में स्थिति सामान्य थी। पुलिस ने करीब 100 लोगों को आगजनी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

उत्तर प्रदेश पुलिस की आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) को यह पता लगाने के लिए लगाया गया है कि क्या कोई आतंकवादी संगठन राज्य की राजधानी में हिंसा में शामिल था। गुरूवार को एक ऑटो रिक्शा चालक मोहम्मद वकील की प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से मृत्यु हो गयी थी। पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने फायरिंग नही की। पुलिस की गोली से किसी की मृत्यु नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

Tamanna Bhardwaj