2022 तक आतंकवाद, अलगाववाद जैसी समस्याओं को उखाड़ फैंकना है: योगी

punjabkesari.in Sunday, Feb 11, 2018 - 08:56 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 2022 तक देश को भ्रष्टाचार और गन्दगी से मुक्त कराकर आतंकवाद, अलगाववाद जैसी समस्याओं को उखाड़ फैंकना है।

योगी दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य संस्थान में दीनदयाल जी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वर्ष 2022 में जब देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा होगा, तब भारत गन्दगी और भ्रष्टाचार से मुक्त हो। सबके पास आवास हो। व्यक्तिगत शौचालय हो।

समाज में परिवारवाद,जातिवाद, अलगाववाद, आतंकवाद के लिए स्थान न हो और एक ऐसे भारत का निर्माण हो जो स्वस्थ, सशक्त, समर्थ, एक और श्रेष्ठ हो। उन्होंने कहा कि ऐसे भारत का निर्माण वस्तुत: पं. दीन दयाल उपाध्याय जी की संकल्पना को साकार करना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीति पर लोकनीति का नियंत्रण होना चाहिए। राजनीति लोक लुभावन नहीं, बल्कि लोक कल्याणकारी होनी चाहिए। केन्द्र और प्रदेश सरकार इसी मंशा से गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए प्रयासरत हैं।