UP: यहां महंगे शौक को पूरा करने के लिए महिला ने अपने ही घर की चोरी, पति को दिया झांसा

punjabkesari.in Friday, Jul 28, 2017 - 03:51 PM (IST)

बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में चोरी के एक अजीबोगरीब मामले का खुलासा हुआ है। जहां एक पत्नी ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही घर से लाखों की नकदी गायब कर दी। साथ ही महिला ने ये अफवाह उड़ा दी कि एक युवक ने उसके पति की हत्या का डर दिखाकर 5 लाख रुपए मांगे थे, लेकिन उसने चार लाख रुपए डरकर युवक को दे दिए। जब इस घटना के बारे में व्यापारी को पता चला तो उसने इस बात की शिकायत पुलिस से की लेकिन पुलिस को महिला की बात पर विश्वास नहीं हुआ।

नौकरों तक से उधार लिए पैसे 
पुलिस के अनुसार महिला को महंगे कपड़े और गहने के साथ घूमने का बेहद शौक है।इसी के चलते महिला कर्जदार होती गई। महिला ने 8 प्रतिशत ब्याज पर अपने नौकरों और कुछ जानने वालों से करीब 4 लाख रुपए का उधार लिए थे। कर्जदारों ने महिला से अपने रुपए मांगने शुरू कर दिए थे। महिला ने बढ़ते दवाब को देखते हुए अपनी बेटी की शादी के लिए रखे 4 लाख रुपए गायब कर लिए थे। पुलिस अनुसार महिला ने यह कहानी बना दी कि पति की हत्या का डर दिखाकर एक युवक घर में आ धमका और डर में उसने अपने पति की जान बचाने के लिए युवक को 4 लाख रुपए दे दिए।

महिला ने रचा था यह ड्रामा 
वहीं बारादरी के खुशबू कालोनी निवासी महिला ने पुलिस को बताया था कि पति जब कंफेक्शनरी की दुकान पर गए थे तो इसी दौरान घर पहुंचे युवक ने पति की हत्या का खौफ दिखाकर 5 लाख रूपये की मांग की थी। जिसपर महिला ने उन्हें 4 लाख रूपये दे दिए थे। हालांकि पुलिस को पहले दिन से ही महिला की कहानी पर संदेह था।

सीसीटीवी से खुला राज 
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले पर कही से कोई क्लू नहीं मिले। पुलिस ने जब कड़ाई से महिला से पूछा तो महिला ने पुलिस को सच बता दिया। फिलहाल पुलिस कानूनी कार्यवाही करने के मूड में दिख रही है। एसपी सिटी रोहित सजवाण के अनुसार महिला ने महंगे शौक के चलते 4 लाख रुपए खुद गायब किए थे। महिला के घर मे कोई बाहरी आदमी नहीं घुसा।