अपने इस शौक को पूरा करने के लिए छात्र बना चोर, मां के गहने रखे गिरवी

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 09:11 AM (IST)

आगरा: हुक्का बार में दोस्तों के साथ मस्ती करने के लिए 9वीं कक्षा का छात्र चोर बन गया। उसने अपने ही घर में चोरी की। अपनी मां की ज्वेलरी चुराकर उसने हुक्का बार में गिरवी रख दी। पिता को बेटे पर शक हुआ, उसकी पिटाई की तो उसने ज्वेलरी चोरी कर हुक्का बार जाने की बात कही, हुक्का बार से ज्वेलरी वापस हो गई। पुलिस ने हुक्का बार बंद करा दिया है।

मामला ट्रांस यमुना कालोनी का है जिसमें छात्र हनुमान नगर का निवासी है। जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से छात्र के घर में क्लेश हो रही थी। मां के सोने के जेवरात नहीं मिल रहे थे। घर वाले समझ नहीं पा रहे थे कि घर के अंदर चोरी कैसे हो गई। पिता को बेटे पर शक हुआ वह घबराया हुआ था। उसकी पिटाई की तो बताया कि मां के गहने 2 जगह गिरवी रखे हैं। पहले वह दोस्तों के साथ हुक्का बार जाता था और फिर उसे वहां जाने का चस्का लग गया।

युवक ने बताया कि पहले तो घर में पैसे चुराता था। जब पैसे नहीं मिले तो पहली बार अंगूठी ले गया। उसने वह अंगूठी मैनेजर को दे दी और कहा कि जब इसकी रकम खत्म हो जाए तब बताना। वह आराम से दोस्तों के साथ वहां जाने लगा। कोई रोक-टोक नहीं होती थी। उसके बाद दूसरे गहने घर से निकालकर ले गया।

बेटे से मिली जानकारी के बाद पिता ने पुलिस को बुला लिया। बेटे को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने हुक्का बार पर दबिश दी। वहां ताला लगा मिला। हुक्का बार के मैनेजर ने भी जुगाड़ बैठाई। बिचौलिया थाने भेजे गए। कुछ जेवरात वापस कर दिए गए। पुलिस ने मुकद्दमा लिखाने के लिए तहरीर मांगी। पिता ने इंकार कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।