नेताजी की विरासत को बचाने के लिए सपा ने झोंकी पूरी ताकत, चाचा को बनाया स्टार प्रचारक

punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2022 - 06:51 PM (IST)

लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह) : सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी की सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी  ने आज अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा चौकाने वाला नाम शिवपाल सिंह यादव का  है। विधानसभा चुनाव में भी जहां शिवपाल को चुनाव प्रचार से दूर रखा गया। आज उनको भी स्टार प्रचारकों के लिस्ट में जगह दी गई है।



सपा ने ट्वीट कर दी जानकारी

समाजवादी पार्टी ने आज शाम 5 बजकर 45 मिनट पर ट्वीट कर अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ ही 40 लोगों को स्टार प्रचारक बनाया है। जब से उपचुनाव का ऐलान हुआ था तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि क्या नेताजी की विरासत को बचाने के लिए अखिलेश व शिवपाल दोनों एक साथ एक मंच पर आएंगे। सपा इस सीट को किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहती। इसके लिए उसने रणनीति के तहत पहले आलोक शाक्य को मैनपुरी का जिलाध्यक्ष बनाया। इसके बाद सपा में नेताओं की बगावत को रोकने के लिए डिंपल यादव को उम्मीदवार घोषित किया गया।  

सपा ने डिंपल यादव को बनाया उम्मीदवार
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को ट्वीट किया कि समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव-2022 हेतु डिंपल यादव, पूर्व सांसद को प्रत्याशी घोषित किया है। मैनपुरी लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई है।

सपा ने झोंकी पूरी ताकत
सपा ने मैनपुरी सीट को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते है कि पहले सोची समझी रणनीति के तहत पहले शाक्य समाज से आने वाले पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को मैनपुरी का सपा जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद परिवार में भी डिंपल को उम्मीदवार बनाया गया और अब अमूमन उपचुनाव में प्रचार से दूर रहने वाले सपा प्रमुख को स्टार प्रचारक बनाने के साथ मतभेद के बावजूद शिवपाल सिंह यादव को सपा के स्टार प्रचारकों में स्थान दिया गया है। 

Content Editor

Prashant Tiwari