लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करना परिवार को पड़ा महंगा

punjabkesari.in Thursday, Jul 04, 2019 - 11:23 AM (IST)

भदोही(उप्र): यहां औराई थाना क्षेत्र में लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने लाठियों से लड़की के परिवार पर हमला कर दिया और एक महिला की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक राजेश एस. ने बताया कि इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 2 फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि औरंगाबाद गांव में मुदस्सिर की लड़कियों से वहीं के कुछ लड़के छेड़खानी करते रहते थे। गत मंगलवार की रात को भी छींटाकशी करने का मुदस्सिर ने विरोध किया तो आफताब, माहताब, निज़ाम और रियाज़ ने मुदस्सिर के घर में घुसकर पूरे परिवार पर लाठियों से हमला कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में मुदस्सिर की पत्नी बिलकीस (45) के सिर पर कई लाठियां लगने वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे वाराणसी के लिए रेफर किया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हमले में 5 लोग घायल हुए हैं। आरोपी निज़ाम और उसके लड़के रियाज़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव के चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Anil Kapoor