लोकसभा चुनाव 2019: BJP को जिताने के लिए प्रचार खर्च में अखिलेश से आगे निकले निरहुआ

punjabkesari.in Saturday, May 04, 2019 - 11:33 AM (IST)

आजमगढ़(इलैक्शन डैस्क): आजमगढ़ लोकसभा सीट पर सपा-बसपा गठबंधन और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इस सीट से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव और भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के बीच मुकाबला है। इसकी एक झलक अखिलेश और निरहुआ द्वारा अब तक चुनाव में किए खर्च में दिखाई देती है।

चुनाव आयोग को दी जानकारी में निरहुआ अखिलेश से डेढ़ गुणा ज्यादा खर्च कर चुके हैं।आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिसमें सपा के अखिलेश यादव ने 30 अप्रैल तक 9 लाख 4 हजार 317 रुपए खर्च किया है, जबकि दिनेश लाल यादव निरहुआ ने 14 लाख 890 रुपए खर्च किए।

वहीं, आजमगढ़ में 6 प्रत्याशी सुभासपा के अभिमन्यु सिंह, राजाराम गोंड़, गौरव सिंह, पवन कुमार, महेंद्र कुमार और प्रमोद ने 30 अप्रैल तक चुनाव प्रचार में हुए खर्च का ब्यौरा नहीं दिया है जिसके लिए इन्हें नोटिस जारी कर 4 मई तक चुनाव आयोग ने जवाब मांगा है। लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग की ओर से प्रत्याशियों के लोकसभा चुनाव में खर्च की सीमा 70 लाख रुपए निर्धारित की गई है। प्रत्याशियों को इस सीमा के अंदर ही खर्च करना है।

Anil Kapoor