UP में आज 55 हजार केंद्रों पर 'मन की बात' का होगा प्रसारण, 100 से अधिक स्थानों पर सुनेंगी BJP
punjabkesari.in Sunday, Apr 30, 2023 - 09:57 AM (IST)

लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह): आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम का 100वां एपिसोड प्रसारित होगा। इसके मद्देनजर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम को व्यापक बनाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। जिसके चलते CM योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के कोप्पल में PM के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल राजभवन में PM के मन की बात सुनेंगी और डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्या प्रयागराज में यह कार्यक्रम सुनेंगे।
बता दें कि, यूपी में जल्द नगर निकाय चुनाव होने वाले है। इसी को लेकर भाजपा जोरों शोरों से चुनाव प्रचार रही है। इसी के मद्देनजर आज बीजेपी ने प्रदेश के 55 हजार स्थानों पर पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने के लिए व्यवस्था की है। वहीं, प्रत्येक विधानसभा में लगभग 100 से अधिक स्थानों पर इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय सांसद, विधायक एवं अन्य जन-प्रतिनिधि और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहकर कार्यक्रम की व्यवस्था संभालेंगे।
आज BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद में मन की बात सुनेंगे। भाजपा सांसद, विधायक अपने क्षेत्रों में मन की बात सुनेंगे। प्रदेश भर के विभिन्न सामाजिक संगठन एवं अन्य संस्थाओं को भी कार्यक्रम से जोड़ने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने बताया कि, पीएम की ‘मन की बात‘ कार्यक्रम की संवाद शैली से आम जनता को बेहतर तरीके जोड़ने में सफलता मिली है, वहीं, श्रोताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाने में भी सफल हुए है। यही नहीं, नागरिकों से सीधी बात और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के कारण दिनों-दिन मन की बात के श्रोताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। आज भी जनता को ‘मन की बात‘ कार्यक्रम सुनाकर उन्हें मार्गदर्शन दिया जाएंगा।