Pravin Togadia का बड़ा बयान- देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की सख्त जरूरत

punjabkesari.in Tuesday, Jan 17, 2023 - 01:30 AM (IST)

जालौन, Pravin Togadia: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बहुत आवश्यक है और हिंदुओं की रक्षा के लिए सभी हिंदुओं को एक साथ आना पड़ेगा। डॉ तोगड़िया ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय के उरई में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि देश में बढ़ती हुई जनसंख्या गहरी चिंता का विषय है। जनसंख्या को बढ़ने से रोकने के लिए कानून बनाना बहुत आवश्यक है, तभी एक विशेष समुदाय की बढ़ती हुई आबादी को रोका जा सकता है।

'बाबरी मस्जिद गिरा कर राम मंदिर का निर्माण करवाया जा रहा'
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर प्रदेश में संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का स्वागत और सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद गिरा कर राम मंदिर का निर्माण करवा दिया और भगवान राम अपने घर में पहुंच गए अब देश के करोड़ों गरीब हिंदुओं के लिए काम करना है, गरीब लोगों के घर अच्छे बने, बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, वे सुखी संपन्न हों, इसके लिए वह अब आगे का काम करेंगे। इसके लिए 15 संगठन काम कर भी रहे हैं। डॉ तोगड़िया ने गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में कहा, ‘‘ मैं एक चिकित्सक होने के नाते यह कह सकता हूं, इस गांधी की इस यात्रा से किसी को कोई नफा नुकसान नहीं है। पदयात्रा तो स्वास्थ्य के लिए हितकर है, हिंदुओं की सुरक्षा और अच्छा करने की जिम्मेदारी सभी राजनीतिक दलों की है।''

हम भाषण नहीं... हिंदू किसानों की मदद करने आए हैं
डॉ तोगड़िया ने विकासखंड मुख्यालय महेवा में स्वागत के लिए उपस्थित क्षेत्रीय लोगों और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर वह कोई भाषण देने नहीं आए बल्कि गरीब हिंदू किसानों की मदद करने आए हैं। कोई भी किसान पीछे से संबंधित समस्या के लिए हमारे फोन नंबर पर मिस्ड कॉल देकर बता सकता है और उसकी पूरी मदद भी की जाएगी।

Content Writer

Mamta Yadav