तोगड़िया ने सरकार को दी चेतावनी, कहा- 4 महीने का समय है, राम मंदिर नहीं बना तो करेंगे अयोध्या कूच

punjabkesari.in Tuesday, Jun 26, 2018 - 02:15 PM (IST)

लखनऊः विश्‍व हिंदू परिषद के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सोमनाथ की तर्ज पर कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदिर बनाए। भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रस्ताव में पास किया था। यही नहीं चुनाव में घोषणा पत्र में भी इसे शामिल किया। 2014 से पूर्ण बहुमत की सरकार है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि सरकार के पास 4 महीने का समय है। अगर अक्टूबर तक मंदिर नहीं बना तो यहीं लखनऊ से अयोध्या के लिए कूच करेंगे।

मोदी ने संतो की बात नहीं मानी 
तोगड़िया ने कहा कि मैंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर संसद में कानून की मांग की। संतों ने प्रधानमंत्री से संसद में कानून बनाने को लेकर मुलाकात की, लेकिन प्रधानमंत्री ने संतों की बात नहीं मानी।

सरकार ने हिंदुओं के साथ विश्वासघात किया
उन्होंने कहा कि आज 4 साल हो गए, 4 साल में राम मंदिर के लिए संसद में कानून नहीं बना। यह हिंदुओं के साथ विश्वासघात है। भगवान राम के साथ विश्वासघात है।तोगड़िया ने कहा कि हो सकता है मेरे बड़े भाई नरेंद्र मोदी को विदेश घूमने के कारण संसद में कानून बनाने का समय नहीं मिल रहा होगा। इसलिए हमने संतों के आशीर्वाद से सुप्रीम कोर्ट के बड़े अधिवक्ताओं द्वारा राम मंदिर निर्माण के कानून का प्रस्ताव बनाया है। इसे मैं आज रिलीज कर रहा हूं। इसे हम अयोध्या में भगवान रामलला के चरण में रखेंगे।

सरकार ठाट पर और राम टाट पर
तोगड़िया ने कहा कि अंतररष्ट्रीय हिन्दू परिषद की स्थापना करके आज मैं अयोध्या राम लाला के दर्शन करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का तो दिल्ली में कई करोड़ों का घर बन गया है लेकिन भगवान राम टाट के झोपड़पट्टी से अभी तक अपने घर में नहीं आए। 

हमारी मांग है कि राम मंदिर निर्माण का कानून बनाओ
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि इस ड्राफ्ट को मैं भारत के प्रधानमंत्री को भेज रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि राम मंदिर का निर्माण का कानून बनाओ। काशी में ज्ञानवापी हटाओ, समान नागरिक संहिता लागू करो, दो बच्चों का कानून बनाओ, कश्मीर से धारा 370 हटाओ, हम मांग करते हैं कि किसानों को कर्ज से मुक्त करो, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें स्वीकार करो।

जब संसद में बहुमत है तो न्यायालय की बात करना टालने वाली बात
तोगड़िया ने कहा कि हिन्दू कानून ड्राफ्ट लेकर 10 करोड़ हिन्दू, 20 करोड़ हिन्दुओं के घर जाएंगे, उनका हस्ताक्षर लेंगे।  उन्होंने कहा कि जब संसद में बहुमत है तो न्यायालय की बात करना ये टालने वाली बात है। हमारे लीडर कोई भगवान शिव, भगवान राम नहीं हैं, मैं और मेरे साथी महन्त अवैद्यनाथ के स्वप्न को पूरा करने जा रहे हैं। 

2019 में हिन्दू जनता करेगी फैसला 
तो​गड़िया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से हमारे संबंध अच्छे हैं। 2019 में हिन्दू जनता फैसला कर लेगी। बीजेपी और कांग्रेस को बहुमत हिंदुओं की दया पर है। मेरा नारा हिन्दुओं का साथ, हिन्दुओं का विकास है। हमें तीसरा विकल्प चाहिए। तोगड़िया ने कहा कि हमें शर्मिंदगी नहीं चाहिए, हमें राम मंदिर चाहिए, हमें काशी, मथुरा चाहिए,कश्मीर में हिंदुओं को बसाने वाली सरकार चाहिए। कश्मीर में आतंकियों के सीने पर गोली न चलाने वाले नहीं चाहिए। जो मलमास की नहीं रमजान की चिंता करते हैं, वह भी नहीं चाहिए।

Ruby