आज सपा के अभेद किले से योगी भरेंगे हुंकार, 770 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण/शिलान्यास

punjabkesari.in Tuesday, Nov 09, 2021 - 09:54 AM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को यानि आज बदायूं के सहसवान क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और जिले के लिये 770 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करेंगे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिले की छह विधानसभा सीटों में से पांच पर कब्जा किया था मगर सहसवान में उसे समाजवादी पार्टी (सपा) से हार का सामना कर मायूस होना पड़ा था। सहसवान को सपा के अभेद किले के तौर पर जाना जाता है। 1993 से सपा का इस सीट पर दबदबा रहा है। 2007 के विधानसभा चुनाव में सपा के ओमकार सिंह यादव को बाहुबली डी पी यादव ने 109 वोट के मामूली से अंतर से हराया था। ओमकार सिंह यादव 1991 में पहली बार जनता दल से विधायक बने।

1993 मे सपा के मीर मजहर अली ने ओमकार सिंह को चुनाव हराया। ओमकार सिंह सपा में आ गए और 1997, 2002, 2012, 2017 में सपा से विधायक बने। 1996 मे मुलायम सिंह यादव ने भी सहसवान से चुनाव लड़ा और बीजेपी के महेश चंद्र गुप्ता से 54159 के भारी अंतर से चुनाव जीता। 1996 से अभी तक बीजेपी कभी इस सीट पर दूसरे पायदान पर भी नहीं रही। महेश चंद्र गुप्ता वर्तमान में बदायूं सदर सीट से विधायक है और नगर विकास राज्य मंत्री है। सहसवान सीट यादव और मुस्लिम बाहुल्य सीट है। 2012 में बीजेपी ने सहसवान से मुस्लिम प्रत्याशी उतारा। बीजेपी के शकील आलम सैफी को मात्र एक फीसदी (2238) वोट मिला था लेकिन उत्तर प्रदेश में बीजेपी से अकेले मुस्लिम प्रत्याशी होने की वजह से सैफी मीडिया की सुर्खियों में रहे।       

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की किसी भी सीट पर किसी भी पार्टी को वॉक ओवर नहीं देना चाहते है। बीजेपी जिला अध्यक्ष, बदायूं राजीव गुप्ता ने बताया कि ये कार्यक्रम केवल सहसवान विधान सभा के लोगों के लिए ही है। हमारे कार्यकर्ता बूथ तक जा रहे हैं। मंडल का प्रभावी कार्यकर्ता सहसवान विधान सभा के प्रत्येक बूथ पर प्रवासी के रूप में नियुक्त किया गया है। शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बूथ समितियाँ प्रत्येक बूथ से लोगो को कार्यक्रम स्थल तक लाने में नियुक्त की गयी है। यही हमारा लक्ष्य है। कार्यकर्ता और मौसम दोनों का हमें भरपूर साथ मिल रहा है।

Content Writer

Umakant yadav