मेरठ में हाईटेंशन लाइन का निर्माणाधीन टावर गिरा, नीचे दबने से 2 कर्मचारियों की मौत, चार घायल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 16, 2022 - 01:57 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पर हाईटेंशन लाइन का निर्माणाधीन टावर गिरने से चपेट में आए दो लोगों की मौत हो गई है और चार लोग घायल हो गए है। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। यहां पर घायलों की हालत काफी गंभीर है। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर लिया।

बता दें कि यह मामला मुंडाली थाना क्षेत्र के अजराड़ा का है। यहां पर कंपनी की ओर से हाईटेंशन लाइन का टावर बन रहा है। लोगों का आरोप है कि टावर की फाउंडेशन मजबूत नहीं है। इसलिए बुधवार को लाइन खींचते समय टावर अचानक ही गिर गया। टावर पर काम कर रहे छह कर्मचारी नीचे दब गए है। आसपास के लोगों की मदद से सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला। उसके बाद उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भेज दिया है। घायलों में से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों ने कंपनी वालों पर लगाया आरोप
इस मामले में गांव वालों का कहना है कि कंपनी ने टावरों के फाउंडेशन मजबूत नहीं बनाए है, जिसकी वजह से टावर गिरा है। अन्य टावरों के गिरने की भी संभावना जताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे है। सीओ अमित राय ने बताया कि दो कर्मचारियों की हालत काफी गंभीर है। उन्हें फिलहाल उपचार के लिए भेज दिया। वहीं, इस हादसे में मरने वाले कर्मचारियों की पहचान हसरत 25 वर्ष पुत्र सायद अली और अजमल 24 वर्ष पुत्र अफजल हुसैन, निवासी, गौरीगंज थाना रातुआ, मालदा पश्चिम बंगाल से हुई है। 

Content Editor

Pooja Gill