बरेली में हाईटेंशन लाइन से टकराई ट्रैक्टर ट्राली, 5 कांवरिया झुलसे

punjabkesari.in Sunday, Aug 07, 2022 - 09:49 PM (IST)

बरेली: उत्तर प्रदेश में बरेली के कैंट क्षेत्र में रविवार को हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर ट्राली के टकराने से उसमें सवार पांच कांवरिया झुलस गये जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।       

जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि ट्रैक्टर पर सवार लोग बदायूं जिले के दातागंज के गांव के रहने वाले है। सभी लोगों को फरीदपुर के सिद्ध बाबा पर जलाभिषेक के लिए जाना था। यह लोग मंदिर के करीब पहुंच गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्राली की छतरी में लगा पाइप हाईटेंशन लाइन से छू गया। संयोग से पाइप टच होते ही बिजली चली गई। घटना में ट्राली में बैठे 5 लोग झुलस गये। डॉक्टरों के अनुसार सभी झुलसे लोग खतरे से बाहर हैं।

करंट से झुलसे बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव रोनपुर निवासी गंगाचरण,संजीव,आनंद,नेत्रपाल और ओमेंद्र को इलाज के लिए बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, जिला अस्पताल पहुंचे और कांवरियों का हालचाल जाना।

Content Writer

Mamta Yadav